लक्ष्मणगढ़ में तीन दिवसीय चंद्रावल सती दादी जी झूलन महोत्सव 20 अगस्त से।

लक्ष्मणगढ़, 20 अगस्त। नगर की पावन धरा पर तीन दिवसीय चंद्रावल सती दादी जी झूलन महोत्सव का दिव्य शुभारंभ बुधवार से हो रहा है। धार्मिक आस्था और भक्ति के संगम से सजे इस महोत्सव में श्रद्धा, सेवा और संगीतमय अध्यात्म का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।

स्थानीय रामलीला मैदान के पास स्थित माहेश्वरी पंचायत भवन में होने वाले इस कार्यक्रम के आयोजक श्री काबरा शक्ति धाम सेवा समिति लक्ष्मणगढ़-सूरत के अंकित काबरा ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 अगस्त को दोपहर गणेश पूजन के बाद कस्बे के युवा विट्ठल मिश्रा की ओर से अपराह्न दो बजे से चार बजे तक सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। शाम को रघुनाथ जी के बड़ा मंदिर में काबरा परिवार की ओर से मलूक पीठाधीश्वर अनंत विभूषित राजेंद्र दास महाराज का अभिनंदन किया जाएगा। 21 अगस्त को प्रातः 10 बजे नवलगढ़ सती दादी मंदिर में पूजा-अर्चना होगी। सायं को प्रख्यात कलाकार पवन शर्मा निर्मल द्वारा सुमधुर मंगल पाठ प्रस्तुत किया जाएगा, तत्पश्चात् विद्वान पंडितों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्निहोत्र हवन की आहुतियाँ से हवन किया जाएगा।

रात्रि 9 बजे से रुकनसर आश्रम के कैलाश नाथ महाराज के परम सान्निध्य में विशाल भजन संध्या; जागरण का आयोजन होगा, जिसमें आश्रम के गुलाब नाथ महाराज, चुवास पीठाधीश्वर निश्चलनाथ महाराज, बिदावत जी मंदिर के महंत दिलीप दास महाराज सहित पवन बुटोलिया, मनोज पांडे एवं स्थानीय लोक कलाकार अपनी अद्भुत प्रस्तुतियाँ देंगे।

अगले दिन गुरुवार को प्रातः 11 बजे से महाप्रसाद का भोग लगाकर तीन दिवसीय आयोजन की पूर्णाहुति की जाएगी। यह विशेष आयोजन सम्पूर्ण नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *