आयोजन को लेकर तैयारियां परवान पर, प्रथम पूज्य गणेश जी महाराज को निमंत्रण दे कर किया पोस्टर विमोचन।श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर।

लक्ष्मणगढ़। आगामी 20 अगस्त, बुधवार, शाम 6 बजे। लक्ष्मणगढ़ नगरधणी श्री रघुनाथ जी मंदिर में एक दिव्य अवसर उपस्थित होने जा रहा है। मलूक पीठाधीश्वर अनंत विभूषित रेवासा धाम के राजेंद्रदास महाराज कस्बे में पधार रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर किसी अनमोल वरदान से कम नहीं है। महात्मा के शब्द स्वयं भागवत गीता और राम कथा का रसपूर्ण सार हैं, जो सुनने वालों के हृदय में धर्म और भक्ति का दीप प्रज्वलित करते हैं। उनके आशीर्वचन और उपदेश सीधे आत्मा को छूने वाले हैं, और उनका प्रवचन स्वयं एक धार्मिक ग्रंथ का अनुभव कराता है।

स्थानीय गणेश जी मंदिर में आज विशेष कार्यक्रम के तहत पोस्टर विमोचन भी किया गया। नगर में स्वागत की तैयारी में जगह-जगह तोरण द्वार सजाए जाएंगे। कार्यक्रम में बुद्धगिरी मढ़ी महंत दिनेश गिरी महाराज, महंत अशोक दास महाराज, और अन्य धर्मज्ञ उपस्थित रहेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए यह अनोखा अवसर है कि वे सीधे महाराज के पावन शब्दों का अनुभव करें और आत्मा को आध्यात्मिक आनंद और मार्गदर्शन प्राप्त हो। ऐसे महान संत का आगमन लक्ष्मणगढ़ की पावन धरती पर एक अद्भुत दिव्या भाव संगम का प्रतीक है। आशीर्वाद और भक्ति का यह अवसर किसी भी श्रद्धालु के लिए जीवन बदल देने वाला अनुभव सिद्ध हो सकता है।

राजेंद्र दास महाराज, वृंदावन स्थित श्री मलूक पीठ के वर्तमान पीठाधीश्वर और रैवासा पीठ पर विराजमान हैं, एक विद्वान, संत और धार्मिक गुरु के रूप में विख्यात हैं। वे वैदिक सनातन धर्म के प्रचारक हैं और अपनी सरल, मृदुभाषी वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं में भगवान के प्रति सच्ची भक्ति और हर प्राणी की सुख-समृद्धि के लिए समर्पण की भावना जागृत करते हैं। उनके उपदेश और प्रवचन स्वयं एक धर्मग्रंथ का अनुभव कराते हैं और उनकी प्रेरणा से मलूक पीठ में बड़े-बड़े धार्मिक आयोजन और भक्ति समागम आयोजित होते हैं, जो समाज में आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक शिक्षा का प्रकाश फैलाते हैं।
