देशभर से जुटे सुप्रसिद्ध गायक, आश्रम में श्रद्धालुओं का सैलाब।

भोजासर बड़ा (लक्ष्मणगढ़)।शीलजती आश्रम के दिवंगत संत शीलजती महाराज की 40वीं बरसोदी पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान मंगलवार से शुरू हुआ। आश्रम के पीठाधीश्वर शिवराज जति महाराज के सान्निध्य में 36 घंटे के अखंड कीर्तन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और भजन रस की त्रिवेणी बन गया। कीर्तन का शुभारंभ गाड़ौदा के महावीर जति महाराज द्वारा बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। देर रात तक रुकनसर के गुलाबनाथ महाराज ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
दिल्ली, अयोध्या, जयपुर, जोधपुर सहित देशभर से आए भक्तों के साथ दिलीपदास महाराज, प्रमोद त्रिपाठी, सुमित सैनी, नरेंद्र राणा, आकाश भानु (दिल्ली), पंकज शिवम (अयोध्या), कमलेश राव, आर्श अनुज पारीक व रोहित भोजक जैसे सुप्रसिद्ध कलाकारों ने भजनों की रसगंगा बहाई।

संत सम्मेलन व विशाल भंडारे की तैयारी, समाधि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पीठाधीश्वर शिवराज जति महाराज ने बताया कि 7 अगस्त गुरुवार को सुबह 9:15 बजे संत सम्मेलन होगा तथा 11:15 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बरसोदी महोत्सव में भोजासर, पाटोदा, हापास सहित दूरदराज़ के गाँवों से श्रद्धालु उमड़ रहे हैं और शीलजती महाराज की समाधि पर शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
