(रिपोर्ट संदीप) एक ज़माना था जब सुबह की चाय के साथ अख़बार आता था और उसमें छपी खबरें ‘ बीते कल’ की होती थीं। आज वक़्त बदल चुका है। अब कोई घटना होती नहीं कि अगले 30 सेकंड में वह पूरी दुनिया में वायरल हो जाती है। अब हर हाथ में स्मार्टफोन है और हर जेब में न्यूज़रूम। ये है सोशल मीडिया पत्रकारिता – जो तेज़, खुली, बहस-योग्य और कभी-कभी बेलगाम भी है। सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का मंच नहीं रहा, यह सूचना, संवाद, जागरूकता और सहयोग का सशक्त माध्यम बन चुका है। इसकी पहुँच और प्रतिक्रिया शक्ति पारंपरिक पत्रकारिता से कहीं ज़्यादा तेज़ है। यही नहीं, यह अब जन-जन की आवाज़ भी है।

उदाहरणों से इसकी ताकत को समझिए:
🟠 बिटिया सहायता अभियान:
एक दर्दनाक सड़क हादसे में माता-पिता को खो चुकी एक बच्ची के लिए सोशल मीडिया पर भावनाओं की ऐसी लहर उठी कि 10 दोनों में ही लगभग 20 लाख रुपये की सहायता राशि एकत्र हो गई। यह कार्य सरकारी व्यवस्था या प्रिंट मीडिया को करने में हफ्ते लगते।
🟠 पवन सेन के लिए सहयोग:
स्थानीय युवक पवन सेन हेतु जब सोशल मीडिया पर अपील हुई, तो आम लोगों ने दिल खोलकर सहयोग किया। न कोई विज्ञापन, न कोई रिपोर्ट, सिर्फ एक साझा भावना।
🟠 श्रावण मास की झांकियाँ:
दिल्ली या जयपुर नहीं, छोटे-छोटे कस्बों में भी अब ऐसे श्रृंगार और झांकियाँ देखने को मिल रही हैं जो केवल वायरल प्रेरणा से उपजी हैं। कोई बड़ा प्रचार नहीं, बस इंस्टा रील्स और यूट्यूब वीडियो देख प्रेरित जनता।
🟠 होली, तीज, कांवड़ जैसे पर्वों में नवजागरण: छोटे गांवों की होली और कांवड़ यात्रा अब ग्लोबल इवेंट्स बन चुकी हैं। वजह? सोशल मीडिया की लाइव स्टोरीज़ और लोक संस्कृति की डिजिटल उड़ान।
🟠 खोई हुई बाइक या मोबाइल भी मिल जाती है: कई बार पुलिस रिपोर्ट से पहले सोशल मीडिया की पोस्ट काम कर जाती है। एक गुम मोबाइल, एक स्कूटी या एक पर्स – सब मिल जाते हैं क्योंकि “कस्बे का डिजिटल चौक” अब हर चीज़ पर नज़र रखे हुए है।
🟠 निधन की सूचनाएं भी अब तुरंत मिलती हैं: कभी किसी का निधन होता था तो अगली सुबह अख़बार से पता चलता था। अब सूचना तत्काल मिल जाती है। पूरे कस्बे को एकसूत्र में बाँधने का ये नया डिजिटल स्वरूप है।
अब हर नागरिक स्वयं एक पत्रकार है। लेकिन यहाँ एक बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी है- सत्य और भ्रामक के बीच फ़र्क करना, लाइक्स की भूख में तथ्य न तोड़ना, और हर पोस्ट से पहले दो बार सोचना। सोशल मीडिय पत्रकारिता एक महान अवसर है, हम इसे लोकशक्ति का उपकरण बनाएं, जनसंवाद का मंच बनाएं, न कि केवल वायरल सनसनी का बाजार।
