श्रावण प्रदोष पर लक्ष्मणगढ स्थित बाबा भूतनाथ दरबार में सजी अघोरी रुद्र भैरव महाकाल की अलौकिक झांकी। 108 दीपकों से हुई महाआरती, अल सुबह तक गूंजते रहे भजनों के सुर।

हारमोनियम की मधुर धुन, तबले की थाप, ढोलक पर विशिष्ट शैली में चलते हाथ, ब्रास बैंड के साथ स्थानीय गायक कलाकारों के एक से बढ़कर एक कर्णप्रिय भगवान शिव को समर्पित भजन, होती हुई पुष्य वर्षा के बीच तालियां बजाते श्रद्धालु, झूमते युवा और अघोरी काल भैरव की झांकी से आती डमरू की आवाज़- यही सब नज़ारे थे कल रात को कस्बे के बाबा भूतनाथ मंदिर में महाआरती ओर जागरण में।

श्रावण मास के पावन प्रदोष दिवस पर बाबा भूतनाथ दरबार में भक्ति, श्रद्धा और संगीत का ऐसा अलौकिक संगम हुआ कि उपस्थित लोगों ने सुबह तक सहभागिता निभाई। प्रातःकाल से ही मंदिर में दुग्ध और जलाभिषेक के साथ विशेष पूजन हुआ, वहीं संध्या को 108 दीपकों से भव्य महाआरती की गई, जिसने समूचे परिसर को दिव्य आभा से आलोकित कर दिया। इस अवसर पर अघोरी रुद्र भैरव महाकाल की आकर्षक झांकी भक्तों के विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बाबा का श्रृंगार गुलमोहर, गुलाब, कंदील, विल्वपत्र और विशेष रूप से धतूरे से किया गया, जो शिव को प्रिय माने जाते हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

रात्रि जागरण में स्थानीय कलाकारों पवन शर्मा, सवाई सिंह चौहान, विकास मिश्रा, विनय तमोली, अंकित खाटूवाला, विकास तूनवाल, मनीष सेन, सुभाष जांगिड़, अशोक पाराशर ने हारमोनियम, ब्रास बैंड, तबले और ढोलक पर जुगलबंदी के साथ एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए।कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके पश्चात “शिव नंदी के असवार”, “बम लहरी शिव लहरी”, “ॐ शिव ॐ शिव”, “तीन बाण के धारी”, “शंकर रम रयो रे पहाड़ा में”, “मां भवानी” और बालाजी के भजनों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु ताली बजाते हुए झूम उठे और बाबा की भक्ति में लीन हो गए। देशभक्ति गीतों के रीमिक्स तरानों ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। झांकी और संगीत के इस संगम ने बाबा की भक्ति को एक अविस्मरणीय पर्व में बदल दिया।

इस मौके पर अयोध्या धाम से पधारे धर्मदास महाराज की विशेष उपस्थिति रही, जिनके आशीर्वचन और सान्निध्य ने कार्यक्रम को और भी आध्यात्मिक ऊंचाई दी। पूर्व पार्षद ओमप्रकाश टेलर, संदीप शर्मा, आयोजक संजय सुरोलिया, मनीष टेलर ने सभी का स्वागत किया।

कल सायंकालीन सामूहिक प्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन; भूतनाथ पूजन समूह द्वारा आज शुक्रवार शाम को मंदिर प्रांगण में 151 लीटर खीर का प्रसाद लगाकर वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियों के लिए नरेंद्र पुजारी, सुमित जाजोदिया, अतुल जाजोदिया, सौरभ जोशी, शंभू सैनी, पप्पू सैनी, विशाल जाजोदिया, मोहित आलडिया, रजत टेलर व गणेश सैनी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *