श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भूतनाथ दरबार में शिव आराधना की अलौकिक रात्रि।भक्तों की अपार भीड़, शक्ति ओर भक्ति से सराबोर परिसर, होगा विशाल रात्रि जागरण।

लक्ष्मणगढ़, 4 अगस्त श्रावण मास के अंतिम सोमवार की पावन रात्रि में लक्ष्मणगढ़ का प्रसिद्ध भूतनाथ दरबार भक्ति, संगीत और शिव-समर्पण की दिव्यता से आलोकित होने जा रहा है। आज रात्रि में स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान शिव को समर्पित विशाल जागरण का आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालु युवाओं से लेकर वरिष्ठ भक्तों तक सभी में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

जानकारी देते हुए प्रवीण ध्यावडा व मनीष टेलर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाम को आरती से होगी, रात 9 बजे से जागरण का भव्य आयोजन होगा। भूतनाथ महादेव का भव्य श्रृंगार, दिव्य फूलों की झांकी, 56 भोगों का अमृत नैवेद्य, और देशभक्ति से ओतप्रोत भजनों की गूंज वातावरण को शिवमय बना देगी। एक से बढ़कर एक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ श्रद्धालुओं को भक्ति और अद्वितीय अनुभूति के सागर में डुबो देंगी।

श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार विशेष होता है, किंतु अंतिम सोमवार की रात्रि आराधना विलक्षण मानी जाती है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव के दर्शन मात्र से सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह एक ऐसा अवसर होता है, जब भक्त एक ईश्वर के चमत्कार को साक्षात अनुभव करते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *